शहर के वार्ड 18 स्थित घर में चोरी की घटना के बाद बिखरा पड़ा सामान, संवाद।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। शहर में पुलिस के सुरक्षा इंतजामों के बावजूद चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। बुधवार को शहर के वार्ड 18 में बंद घर से लाखों के आभूषण और नकदी चुराने का मामला सामने आया है।
घर के मालिक खिलावर सिंह ने बताया कि वह मंगलवार को अपने परिवार के साथ पैतृक गांव बसोहली के प्रेहता नगरोटा गया था। बुधवार को जब वह दोपहर बाद वापस लौटा तो घर के सभी ताले टूटे हुए थे। अंदर का दृश्य देखने के बाद उसे चोरी होने का पता चला। घर का सभी सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने घर की अलमारी को भी तोड़ दिया था।
इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस चोरी की घटना में सोने की दो चूड़ियां, एक मंगलसूत्र, सोने की तीन चेन, पांच अंगूठियां, सोने का एक कड़ा, पांच जोड़ी कान की बालियां, चांदी की एक पायल, चांदी का एक कटोरा, चांदी का एक सिक्का, चांदी से बने हाथी की एक मूर्ति और छह हजार रुपये नकद गायब हुए हैं।