कठुआ। आजादी के अमृत महोत्सव एवं स्वच्छ भारत अभियान के तहत दीपावली पर्व से पूर्व नगरी में स्थित बाला सुंदरी मंदिर की सफाई के उद्देश्य से म्यूनिसिपल कमेटी नगरी की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया। कमेटी के अध्यक्ष अनिल सिंह अंडोत्रा की अध्यक्षता में आयोजित सफाई अभियान के दौरान कमेटी के पार्षद, स्कूली छात्र और शिक्षकों ने मंदिर का दौरा कर वहां उगी झाड़ियों को साफ करने के उपरांत परिसर में झाड़ू लगाया और पॉलिथीन के बैग, कुड़ा कचरा आदि की उचित निस्तारण किया।
इस अवसर पर कमेटी नगरी के अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा के आजादी का अमृत महोत्सव और स्वच्छ भारत अभियान के तहत नगरी कमेटी के अधीन पड़ने वाले मंदिरों, स्कूलों और विभिन्न वार्डों में स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। जिस प्रकार कमेटी के पार्षदों के साथ स्कूल के छात्रों और शिक्षकों ने मंदिर परिसर में स्वच्छ अभियान चलाया, इससे आम जनमानस को प्रेरणा भी मिली है। इससे लोग जागरूक होंगे और अपने आसपास के क्षेत्रों में भी साफ-सफाई रखेंगे। मंदिर परिसर में स्कूली छात्रों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।