शहर में डीसी आफिस के साथ कॉलेज रोड पर हुए जलभराव के बीच से गुजरता स्कूटी सवार। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। जिले के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में लगातार बारिश का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। बिलावर के मल्हार इलाके में बच्चे को लेकर बारिश के बीच उफनता नाला पार कर रही महिला के हाथ से छह माह का शिशु छूट गया जिससे वो लापता हो गया है। उधर, एक गौशाला के साथ-साथ तीन कच्चे मकानों को नगरी क्षेत्र में नुकसान हुआ है। बिजली विभाग के मैदानी इलाकों में ही 25 के लगभग खंभे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कुल साढ़े चार हजार जिले के ट्रांसफार्मरों में से 750 के लगभग फिलहाल किन्हीं कारणों से नहीं चल पा रहे हैं। इनमें बर्फबारी और बारिश के बाद से लाइनों का फाल्ट एक बड़ा कारण है। यानी की जिले का लगभग 25 फीसदी इलाका लगातार अंधेरे में डूबा हुआ है। बिजली ढांचे को सबसे अधिक नुकसान बर्फबारी प्रभावित डुग्गन और डुगैन ब्लॉक में होने की सूचना है। मौसम में हल्का सुधार होते ही टीमें बिजली बहाली के कार्यों में जुट जा रही है। उधर, पस्सियां गिरने से बनी बसोहली मार्ग भी शुक्रवार शाम से लगातार प्रभावित रहा। शनिवार को ग्रेफ ने मशीने लगाकर यातायात बहाल करवाया। बनी लोआंग, बनी रौल्का, बनी ढग्गर मार्ग पर भी बारिश और बर्फबारी के बाद से यातायात लगातार प्रभावित है।
डीसी राहुल यादव ने बताया कि विभागों को नुकसान के आकलन के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं को जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश दे दिए गए हैं। हीरानगर और बनी, मल्हार के इलाकों में बिजली ढांचे को नुकसान हुआ है। जिले में 730 के लगभग ट्रांसफार्मर फिलहाल बंद हैं। विभाग को मौसम खुलते ही बिजली बहाली के निर्देश दे दिए गए हैं।
..............
लगातार हो रही बारिश ने तोड़े रिकार्ड
कठुआ/बनी। बरसात की ही तरह पिछले दो दिनों से नदी नाले जहां उफान पर रहे हैं वहीं हाईवे से लेकर लिंक मार्ग और शहर के मुख्य सड़कों पर जगह-जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। हालात यह हैं कि इस सप्ताह जिले के मैदानी इलाकों में 188 एमएम से भी अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। अमूमन सर्दी के सीजन में औसत 200 एमएम बारिश ही जिले में दर्ज की जाती रही है। ऐसे में पश्चिमी विक्षोभ से पनपे ताजा हालात ने जरूरत से भी अधिक बारिश कर दी है। जिससे निचले इलाकों में खेतों में पानी जमा होने से फसल को भारी नुकसान होने की संभावना है। ऐसे में किसानों को पानी की नियमित निकासी खेतों से सुनिश्चित करने की सलाह कृषि विज्ञान केंद्र कठुआ की ओर से दी गई है।
डुग्गन में बिजली लाइन ठीक करते कर्मचारी- फोटो : KATHUA
ढग्गर में घर की छत से बर्फ हटाती महिलाएं- फोटो : KATHUA
हटली मोड़ के पास हाइवे पर हुए जलभराव के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुई कार। संवाद- फोटो : KATHUA