बसोहली। धार महानपुर में ग्राम सभा बैठक का आयोजन किया गया । अध्यक्षता जिला विकास परिषद के अध्यक्ष महान सिंह ने की। पूर्व मंत्री प्रेमसागर अजीज, डीसी कठुआ राहुल यादव एडीसी बसोहली तिलक राज थापा, धार महानपुर ब्लॉक की बीडीसी अध्यक्ष सुषमा देवी और विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे। ग्राम सभा के दौरान जीरो मोड़ से लेकर धार महानपुर तक सड़क बनाने की मांग गई।
सड़क के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि ठेकेदार को एक हफ्ते का समय दिया गया है, अगर एक हफ्ते के भीतर सड़क को बनाने का काम शुरू नहीं किया गया तो उनकी कंपनी को ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा। डीडीसी अध्यक्ष ने बताया कि कमिश्नर फैक्ट्री के पास इस संदर्भ में बैठक हुई थी, जिसके बाद ठेकेदार को 15 दिन का समय दिया गया था। एक सप्ताह का समय बीत चुका हैं, अगर दिए गए समय में ठेकेदार काम नहीं करता है तो इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जाएगा और इस विषय में सरकार के साथ बात की जाएगी। लोगों ने उपस्थित अधिकारियों के समक्ष बिजली पानी सड़क आदि के मुद्दे रखे। लोगों ने बताया कि बिजली की अघोषित कटौती के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
घोडल इलाके से आए नागरिकों ने बताया कि अभी तक उनके इलाके में सड़क नहीं बनी है हालांकि ज्यादातर सड़क मार्ग बन चुके हैं, लेकिन उनका इलाका आज भी पक्की सड़क से वंचित है। राहुल यादव ने उपस्थित लोगों पंचों सरपंचों को भिन्न-भिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और उसका लाभ उठाने को कहा। अध्यक्ष ने कहा कि बागवानी विभाग धार महानपुर में एक हजार कनाल भूमि पर 12हजार अखरोट के पेड़ लगाएगा, जिसका लोगों को लाभ मिलेगा। लोगों को 10 हजार की राशि मिलेगी और निशुल्क पौधे उपलब्ध करवाए जाएंगे। धार महानपुर की छ पंचायतों में से कंप्यूटर और प्रिंटर उपलब्ध करवाई गए हैं ताकि डिजिटल तरीके से पंचायतों में काम हो सके।