कठुआ। शुक्रवार की रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर हटली मोड़ के पास हुए जलभराव के चलते अनियंत्रित होकर एक ट्रक पलट गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। लेकिन ट्रक के पलट जाने से मार्ग पर आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर यातायात बहाल करवाया।
घटना उस समय पेश आई जब मात्र आधा घंटे की बारिश के बाद हाईवे तालाब में तब्दील हो गया। इस दौरान सांबा की ओर से आ रहे ट्रक नंबर टीएन88एच-1596 के चालक ने जब पानी के बीच से ट्रक को निकालने की का प्रयास किया, तो हाईवे पर बने गड्ढे में ट्रक चालक से अनियंत्रित हो गया और पलट गया। घटना के बाद स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने बचाव कार्य शुरू करते हुए ट्रक के चालक और सह चालक को सुरक्षित निकाल लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को सड़क से हटवाया।
स्थानीय गणेश दत्त शर्मा ने कहा कि हाईवे में कुछ तकनीकी खराबी है। इसके चलते हल्की सी बारिश के बाद ही हटली मोड़ क्षेत्र में हाईवे तालाब बन जाता है। शुक्रवार रात भी मात्र आधा घंटे हुई बारिश के बाद हाईवे पानी से लबालब भर गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे ट्रक चालक को हाईवे के बीच बने गड्ढे का पता नहीं चला और वह वही पलट गया है। गनीमत रही कि जिस वक्त उक्त हादसा पेश आया, उस समय ट्रक की गति काफी कम थी। अगर इस वाहन की चपेट में कोई यात्री वाहन आया होता और उसकी गति तेज होती तो बड़ा हादसा हो सकता था7