हीरानगर। लोक सेवा संस्था ने उपराज्यपाल से निजी स्कूलों की मनमर्जी पर लगाम लगाने की मांग की है।
चड़वाल में बैठक के दौरान संस्था के अध्यक्ष रोमी शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद हालात सामान्य होते ही निजी स्कूलों ने मनमर्जी शुरू कर दी है। वार्षिक फीस और ट्यूशन फीस में एकदम से बढ़ोतरी कर दी गई है। इससे मध्यम और गरीब परिवार के लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी की वजह से छोटे व्यापारी पहले ही कर्ज में डूबे हुए हैं। जैसे-तैसे कर बड़ी मुश्किल से बच्चों की पढ़ाई का खर्च पूरा कर रहे हैं। वार्षिक और ट्यूशन फीस में बढ़ोतरी से पढ़ाई का खर्च और बढ़ गया है। ऐसे में बच्चों को पढ़ाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने राज्यपाल से मांग करते हुए कहा कि निजी स्कूलों की मनमर्जी पर लगाम कसी जाए। कम से कम वार्षिक फीस माफ करने के आदेश जारी किए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके। बैठक में गगनदीप, अर्जुन कुमार, रमन शर्मा, पवन कुमार, राजेश शर्मा, रोहित शर्मा, शमशेर सिंह आदि मौजूद रहे।