एसीडी किशोर सिंह को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपते जिला पंचायत सेक्रेटरी एसोसिएशन के सदस्य। संवा?
- फोटो : KATHUA
कठुआ। ग्रामीण विकास विभाग में वीएलडब्ल्यू, एमपीडब्ल्यू और ग्राम सेविका के पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को पंचायत सचिव के रूप में नामित किए जाने की जिला पंचायत सेक्रेटरी एसोसिएशन ने मांग की है। शनिवार को एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल ने नवनियुक्त एसीडी किशोर सिंह से मिलकर जिला में उनकी नियुक्ति होने पर स्वागत किया और अपनी मांगों का ज्ञापन उन्हें सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे एसोसिएशन के जिला प्रधान रोशन लाल शर्मा ने एसीडी को बताया कि जम्मू कश्मीर में पंचायती राज के थ्री-टीयर सिस्टम लागू होने के बाद एक आदेश के द्वारा सरकार द्वारा सहायक आयुक्त पंचायत का पद सृजित कर नामित अधिकारी की नियुक्ति की गई थी। इसी आदेश के अनुसार ग्रामीण विकास विभाग में वीएलडब्ल्यू, एमपीडब्ल्यू और ग्राम सेविका के पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को पंचायत सचिव के रूप में नामित किए जाने के लिए कहा गया था, लेकिन अभी तक इसे लागू नही किया गया है। उन्होंने जिला के सभी उन्नीस ब्लॉकों में अलग-अलग नाम से एक वेतनमान के एक ही काम करने वाले इन कर्मचारियों को एक ही पदनाम दिए जाने के साथ उनकी सेवा पुस्तिका में भी पदनाम को पंचायत सचिव किए जाने की मांग की।
एसीडी ने एसोसिएशन के लोगों की मांग सुनने के बाद कहा कि इस बारे में निदेशालय को सूचित किया जाएगा। अगर किसी भी जिले में इस आदेश के अनुसार पदनाम में बदलाव किया गया है तो उसे कठुआ में भी लागू कर दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में एमपीडब्ल्यू एसोसिएशन के प्रधान लोखिंदर सिंह, वीएलडब्ल्यू एसोसिएशन के प्रधान अखिल सांगड़ा, महासचिव सुमित सुंदन, सचिव अश्विनी शर्मा और सुमित कुमार शामिल रहे।