कठुआ। सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आम लोगों को लामबंद करने के लिए बहुजन समाज पार्टी की ओर से जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। शनिवार को शहर से सटे गांव चक दराब खां में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सोमराज मजोत्रा की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें राज्यसभा के पूर्व सांसद राजाराम के साथ-साथ नगरी ब्लॉक से जिला विकास परिषद सदस्य संदीप विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान वक्ताओं ने सरकार की गरीब विरोधी नीतियों को उजागर करते हुए एकजुट होने का आवाहन किया।
जन सभा को संबोधित करते हुए बसपा प्रदेश अध्यक्ष सोमराज मजोत्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियां हमेशा से गरीब विरोधी रही हैं। जम्मू कश्मीर में हाल के दिनों में किसानों से उनकी जमीन लिए जाने के लिए शुरू हुई कवायद इसका एक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पिछले 70 सालों से उन जमीनों से अपने परिवार का भरण पोषण करने वाले किसानों के पुनर्वास के लिए सरकार के पास कोई योजना नहीं है। अलबत्ता उन्हें बेरोजगार करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे जम्मू कश्मीर में हजारों परिवार ऐसे हैं। जो कि सरकार की ओर से अलाट की गई भूमि पर खेती, भेड़ पालन, बकरी पालन, डेयरी उद्योग जैसे छोटे-मोटे रोजगार कर अपनी जीविका का चला रहे हैं। दूरदराज के निर्जन स्थानों पर स्थित इन जमीनों पर काफी लोगों ने अपने जीवन भर की कमाई लगाकर घर बना लिया है। लेकिन अब सरकार उसे वापस लेने का प्रयास कर रही है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्योंकि इससे सबसे ज्यादा समाज के पिछड़े तबके को नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि बसपा की नीतियां हमेशा गरीब और समाज के पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए रही हैं और आज भी पार्टी इसके लिए हर संघर्ष करने को तैयार है। लिहाजा लोग सरकार के इस फैसले के खिलाफ होने वाले हर आंदोलन में बढ़-चढ़कर पार्टी का साथ दें। ताकि उनके साथ होने वाली किसी भी नाइंसाफी को बंद करवाया जा सके। वहीं, नगरी ब्लाक से जिला विकास परिषद के सदस्य संदीप मजोत्रा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाली भारतीय जनता पार्टी केवल और केवल पूंजी पतियों के लिए ही काम कर रही है। उसे गरीबों मजलूमों की परेशानी से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की पूर्व मायावती सरकार का हवाला देते हुए कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने समाज के गरीब और पिछड़े वर्ग को पक्के आवास उपलब्ध कराए थे और जम्मू कश्मीर में लोगों से उनके आवास और रोजी रोटी के साधन को छीनने का प्रयास भाजपा की ओर से किया जा रहा है। इसे हमें समझना होगा।
बैठक को संबोधित करते हुए राज्यसभा के पूर्व सांसद राजा राम ने कहा कि पूरे देश के मतदाताओं के अपार जनमत का भाजपा द्वारा जिस तरह से लोगों के ही खिलाफ इस्तेमाल कर किया जा रहा है, वह लोगों के जनादेश का अपमान है। क्योंकि लोकतांत्रिक देश में इस तरह के तानाशाही फैसले लागू नहीं किए जा सकते। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में किसानों के आंदोलन के बाद प्रधानमंत्री द्वारा मांगी गई माफी इस बात का उदाहरण है कि अगर हम भले ही संख्या में कम हो लेकिन एकजुट हो कर अपनी मांगों के लिए निरंतर संघर्ष करें तो कोई ताकत हमें हरा नहीं सकती। इसलिए समाज के हर वर्ग को सरकार के खिलाफ होने वाले आंदोलन में अपनी भागीदारी तय करनी होगी।
इस मौके पर सरपंच रणधीर सिंह, सुनीता देवी, ताराचंद, हेमराज, जगदीश राज, रमण कुमार, सुनील मजोत्रा, बाबूदीन, मोहम्मद आलम आदि उपस्थित रहे।
भूमि खाली कराने की कार्रवाई किया जाएगा विरोध
लोगों को एकजुट करेगी लोक सेवा संस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। सरकारी भूमि खाली कराने की कार्रवाई के खिलाफ अब लोक सेवा संस्था ने भी मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को छन्न दित्याल में बैठक के दौरान संस्था के अध्यक्ष रोमी शर्मा ने कहा इस कार्रवाई के खिलाफ लोगों को एकजुट करने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा सरकार के इशारे पर भूमिहीन लोगों और किसानों से भूमि छीनने का प्रयास किया जा रहा है। जिन किसानों ने करीब 6 दशकों तक इन खेतों में खून पसीना एक कर इन्हें खेती लायक बनाया आज सरकार उन पर अपना हक जता रही है। यह गरीब और किसान विरोधी कार्रवाई किसी भी तरह से उचित नहीं है। हम सबको मिलकर इस कार्रवाई के खिलाफ एकजुट होना चाहिए। जब तक किसान आंदोलन की तरह यहां भी आंदोलन खड़ा नहीं होगा तब तक प्रशासन और सरकार के होश ठिकाने नहीं आएंगे। उन्होंने कहा संस्था की ओर से जल्द एक जनसंपर्क अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें हमारे सदस्य गांवों में जाकर लोगों को इस जन विरोधी कार्रवाई के खिलाफ एकजुट करेंगे। उसके बाद धरने प्रदर्शनों का सिलसिला शुरू होगा। बैठक में रमन कुमार, राजेश शर्मा, सुनील कुमार, कमल शर्मा ,पवन कुमार आदि शामिल रहे।