हीरानगर। परिसीमन आयोग की मसौदा रिपोर्ट के अनुसार जिले में बनाई गई नई सीट कठुआ नार्थ का नाम बदलने की मांग को लेकर शनिवार को कंडी क्षेत्र के बदोली गांव में पंचायत प्रतिनिधियों और लोगों ने आयोग और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कठुआ नार्थ का नाम बदलकर डिंगा अंब निर्वाचन क्षेत्र नहीं किया गया तो आने वाले विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बीडीसी अध्यक्ष सुदेश शर्मा ने कहा कंडी को विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए वर्षों संघर्ष किया गया है। आज जब कंडी को अपने अधिकार और पहचान का मौका मिला तो अब उसे षड्यंत्र के तहत छीनने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा जिले में कंडी के गांवों को मिलाकर बनाई जा रही विधानसभा सीट का नाम कठुआ नार्थ रखा गया है। जिसमें डिंगा अंब तहसील के भी कई गांव जोड़े गए हैं। तहसील और ब्लॉक डिंगा अंब के नाम से जाना जाता है। फिर निर्वाचन क्षेत्र का नाम कठुआ नार्थ क्यों रखा गया है।
कठुआ नार्थ से नाम बदलकर डिंगा अंब निर्वाचन क्षेत्र रखा जाना चाहिए। अगर यह आयोग को मंजूर नहीं है तो इस ब्लॉक के जो गांव इस निर्वाचन क्षेत्र में जोड़े गए हैं उन्हें हीरानगर विधानसभा क्षेत्र के साथ जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा नाम बदलने की मांग को लेकर लोग पिछले कुछ दिनों से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं और अब इसी मांग को लेकर रविवार को हम दिल्ली रवाना होंगे। इस दौरान चिलख वेस्ट के पंच विक्रम सिंह ने कहा अगर नाम बदलने की हमारी यह मांगे पूरी नहीं हुई तो आने वाले विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। प्रदर्शन में सरपंच सुरेंद्र वर्मा, सरपंच केवल सिंह, नायब सरपंच बलबीर सिंह, ओंकार सिंह, सुदेश रानी, तारो देवी, करण सिंह, खजूर सिंह, विजय शर्मा, मदनलाल आदि रहे।