कश्मीर में जारी टारगेट किलिंग के विरोध में पाकिस्तान का पुतला जलाते बजरंग दल के कार्यकर्ता। संव?
- फोटो : KATHUA
कठुआ। कश्मीर संभाग में एक के बाद एक हो रही टारगेट किलिंग को लेकर लोगों का गुस्सा थम नहीं रहा है। शनिवार को शहर के वार्ड 10 में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इन घटनाओं को पाकिस्तान प्रायोजित बताते हुए पुतला जलाया। वहीं शिवसेना कार्यकर्ताओं ने लखनपुर में रोष जताते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की। वहीं नगरी में शिव सेना डोगरा फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने भी पाकिस्तान का झंडा जलाकर गुस्से का इजहार किया। शहर के वार्ड 10 में जोरदार नारेबाजी के बीच पाकिस्तान का पुतला जला रहे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का नेतृत्व कर रहे संजय बजरंगी ने शिक्षिका रजनी बाला और बैंक प्रबंधक विजय कुमार की निर्मम हत्या को दुखद बताया। उन्होंने सरकार से सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता बनाने के साथ ही ऐसे कृत्य को अंजाम देने वालों पर नकेल कसने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में श्री अमरनाथ यात्रा शुरू होने वाली है। अगर ऐसी ही स्थिति रही तो देश भर से जम्मू कश्मीर में भोले बाबा का दर्शन करने के लिए आने वाले किस तरह से यात्रा कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर सरकार की कार्रवाई संतोष जनक नही रहीं तो आने वाले दिनों में उन्हें सड़कों पर भी उतरना पड़ा तो परहेज नही करेंगे।
वहीं लखनपुर में प्रदर्शन कर शिव सेना कार्यकर्ताओं का नेतृत्व करते हुए मोहिंदर पाल शर्मा ने कश्मीर संभाग में निर्दोष की हत्या के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सरकार के ढुलमुल रवैए के कारण ही पाकिस्तान के द्वारा प्रायोजित आतंकी घटना को अंजाम दे पा रहे है। उन्होंने कहा कि सरकार बड़ी-बड़ी बातें तो करती है लेकिन जम्मू कश्मीर में जारी आतंकवाद को रोकने में वह पूरी तरह से विफल है। ऐसी घटनाएं इस बात का सूचक है कि आतंकी अमरनाथ यात्रा में भी खलल डालने की कोशिश करेंगे। उन्होंने जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल को निशाने पर लेते हुए कहा कि उनके नियंत्रण में प्रशासन ठीक नहीं है। सरकार अपने दायित्व को निभाए अन्यथा शिव सैनिक अगर सड़क पर उतरेंगे तो सरकार को उन्हें रोक पाना असंभव होगा।
नगरी में प्रदर्शन कर रहे शिवसेना डोगरा फ्रंट के कार्यकर्ता का नेतृत्व कर रहे तहसील प्रधान दीपक सैनी ने कहा कि कश्मीर संभाग में धर्म विशेष के लोगों को निशाना बनाया जाना साजिश के तहत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रविरोधी तत्वों द्वारा जिस तरह से वहां अपने एजेंडे को लागू करने के लिए निर्दोषों को अपना शिकार बनाया जा रहा है, वह सरकार और सुरक्षा तंत्र की विफलता है। उन्होंने सरकार से कश्मीर में ऐसे मंसूबों को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
कश्मीर संभाग में आतंकियों द्वारा शिक्षिका और बैंक प्रबंधक की हत्या पर लखनपुर में रोष जताते शिव स?- फोटो : KATHUA