हीरानगर। अमरनाथ यात्रा की तैयारी में प्रशासन पूरी तरह से जुट गया है। शनिवार को जिला उपायुक्त राहुल यादव ने यात्रियों के लिए बनाए जा रहे आवास केंद्रों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों के साथ उन्होंने हायर सेकेंडरी स्कूल हीरानगर, डिग्री कॉलेज, आईटीआई, गर्ल्स हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल कूटा, हाई स्कूल चड़वाल का दौरा कर यहां यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। इन आवास केंद्रों में बिजली, पानी और शौचालय जैसी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। नोडल अधिकारियों को हर रोज की कार्रवाई की जानकारी देने को कहा। अमरनाथ यात्रा के दौरान मौसम खराब होने या किसी अन्य वजह से यात्रा को कुछ समय के लिए रोकना पड़ता है, तो यात्रियों को इन आवास केंद्रों में ठहराया जाएगा। जहां उनके रहने, आराम करने के अलावा लंगर की व्यवस्था भी की जाएगी। वहीं हाईवे पर अमरनाथ यात्रियों की सेवा में लगाए जाने वाले लंगर भी प्रशासन को सहयोग करेंगे।