कठुआ। दिव्यांग जनों की दिव्यांगता का आंकलन करने के लिए जिले भर में आंकलन शिविरों का आयोजन जारी है। मंगलवार को शहर के राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में समाज कल्याण विभाग की ओर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें कठुआ और कीड़ियां गंडयाल ब्लॉक के दिव्यांग लाभार्थियों की जांच की गई।
शिविर के संबंध में तहसील सोशल वेलफेयर ऑफिसर विश्व बंधु शर्मा ने बताया कि एलिम्को के सहयोग से आयोजित होने वाले इस शिविर के दौरान 90 लाभार्थियों की जांच डॉक्टरों की टीम ने किया। जिसमें जिला स्वास्थ्य विभाग के एक स्वास्थ्य अधिकारी के अलावा एलिम्को के डॉक्टरों ने शिविर में आने वाले लाभार्थियों की दिव्यांगता का परीक्षण किया है। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल के निर्देश पर आयोजित होने वाले इन शिविरों के दौरान जिन दिव्यांगों का आंकलन किया जा रहा है, उन्हें उनकी दिव्यांगता के अनुसार ही सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। आगे उन्होंने बताया कि अगले दो दिनों में बुद्धि और नगरी में भी दिव्यांगता आंकलन शिविर आयोजित किए जाएंगे।