कठुआ। आईएसएम निदेशालय जम्मू कश्मीर में सभी आयुष दवाओं को बढ़ावा देने के साथ रक्षा शक्ति बढ़ाने के लिए योग के प्रति जागरूकता फैलाई जा रही है। इस संबंध में सोमवार को बनी में एसडीएम जोगिंदर सिंह जसरोटिया के निर्देशन में इसी तरह के शिविर का आयोजन हुआ।
उक्त शिविर में डॉ. ऋतु ठाकुर ने कोरोना से बचने के लिए और कोरोना के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हाथ धोना, सामाजिक दूरी बनाए रखना और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखना बीमारी फैलने से रोकने के लिए महत्वपूर्ण हैं। इसके अलावा तुलसी, सुंठी, आंवला, दालचीनी, गिलोय जड़ी-बूटियों जैसी आयुष हर्बल दवाओं का बेहतर इस्तेमाल लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वहीं, शिविर में विद्यार्थियों को आयुर्वेदिक दवाईयां वितरित कीं। इस अवसर पर एसडीएम बनी, स्कूल के प्रधानाचार्य और सीनियर लेक्चरर देस राज शर्मा ने किशोरावस्था के दौरान आने वाली समस्याओं के दौरान मानसिक संतुलन को बनाए रखने पर जोर दिया। विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे अपनी समस्याओं को अपने बड़ों के साथ साझा कर साहस के साथ इन चुनौतियों का सामना करें।