हीरानगर। हाईवे पर चड़वाल के मुख्य चौक में क्रॉसिंग को फिर से खोलने की मांग स्थानीय दुकानदारों की ओर से की जा रही है। दुकानदारों का कहना है कि इससे व्यापार में नुकसान हो रहा है।
रेडीमेड कपड़ों की दुकान चला रहे रोमी शर्मा ने कहा कुछ महीने पहले मुख्य चौक में यातायात विभाग की ओर से बैरिकेट लगाकर क्रॉसिंग को बंद कर दिया गया था। जिसकी वजह से हाईवे के दोनों तरफ के बाजारों में आने जाने के लिए लोगों को करीब आधा किलोमीटर घूमना पड़ता है। ज्यादातर लोग वाहनों का इस्तेमाल कर बाजार में आते हैं, लेकिन चौक में क्रॉसिंग न होने के कारण वापस लौट जाते हैं। जिसका दुकानदारों को काफी नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा हाईवे के एक तरफ के बाजार में लोगों की आवाजाही इतनी कम हो गई है कि जो दुकानदार पहले दिन में 20 से 25 हजार रुपयों का व्यापार करता था आज 10 से 15 हजार का भी नहीं कर रहा है। ज्यादातर दुकानदार बैंकों के कर्जदार हैं और इसी तरह से व्यापार खत्म होता गया तो उसे चुकाना मुश्किल हो जाएगा। हमारी परेशानी को समझते हुए क्रॉसिंग को खोला जाना चाहिए ताकि लोग दोनों तरफ बाजार में खरीदारी कर सकें।
फल सब्जी विक्रेता रमन कुमार ने कहा जबसे क्रॉसिंग बंद हुई है काम आधे से भी कम हो गया है। पहले जब क्रॉसिंग खुली थी दूसरी तरफ बाजार में आए लोग यहां भी सामान खरीदते थे। लेकिन क्रॉसिंग बंद होने की वजह से वह बाजार के एक तरफ से ही लौट जाते हैं। उन्होंने कहा कि क्रॉसिंग खुलती है तो सभी दुकानदारों को इसका लाभ होगा। इसके लिए हम सब मिलकर प्रशासन से बात भी करेंगे।