कठुआ। कठुआ जिले के दूर दराज इलाकों में पारा लुढ़कने के साथ ही जंगली जानवर निचले इलाकों का रुख करने लगे हैं। बनी सब डिवीजन के पनियालग से सटे खालू नाल के जंगल में तेंदुए देखे जाने के बाद लोग दहशत में आ गए हैं। रिहायशी इलाके के नजदीक तेंदुए की मौजूदगी दर्ज किए जाने के बाद वन्यजीव विभाग भी सक्रिय हो गया है। तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिलते ही कठुआ से वन्यजीव विभाग की टीम को रवाना किया गया है।
शार्ट और लांग रेंज टैंक्यूलाइजर के साथ तेंदुए को रेस्कयू करने के लिए टीम दोपहर बाद इलाके में पहुंच गई। सोमवार को तेंदुए का कुछ भी पता नहीं चल पाया है। वाइल्ड लाइफ वार्डन कठुआ विजय कुमार वर्मा ने बताया कि पनियालग में रिहायशी इलाके के नजदीक तेेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली थी। अंदेशा था कि तेंदुआ घायल हो सकता है। ऐसे में उसे बेहोश कर इलाज करने के लिए पर्याप्त उपकरणों के साथ टीम इलाके में पहुंच चुकी है। मंगलवार को भी क्षेत्र में तेंदुए की तलाश में अभियान जारी रहेगा।