हीरानगर। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से बुधवार को मिनी स्टेडियम में अंतर जोन जिला स्तरीय अंडर-17 बॉयज क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू कराई गई। जिला खेल अधिकारी सुनील कुमार की देखरेख में यह प्रतियोगिता शुरू की गई। प्रतियोगिता में 9 जोन के 120 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
पहले दिन का मैच जोन बिलावर और जोन लखनपुर के बीच खेला गया। लखनपुर टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बिलावर को 8 विकेट से हरा दिया। दूसरा मैच भड्डू और जोन मढीन के बीच खेला गया। मढीन ने भड्डू को 10 विकटों से हराया। तीसरा मैच बरनोटी और हीरानगर के बीच खेला गया। हीरानगर की टीम ने 6 रनों से यह मैच जीत लिया। विभाग के अधिकारी ने बताया यह प्रतियोगिता कुछ दिनों तक जारी रहेगी। इसमें जिले के विभिन्न इलाकों से हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों को खेलने के साथ-साथ आपस में एक दूसरे को जानने का अवसर भी मिला है।