हीरानगर। कंडी क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए डिंगा अंब में सोमवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिला विकास परिषद ( डीडीसी) अध्यक्ष महान सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
यहां मौजूद पंचायत प्रतिनिधियों ने कंडी क्षेत्र में बिजली, पानी और सड़क की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। डिंगा अंब बी के सरपंच सुरेंद्र वर्मा ने कहा आज भी उनकी पंचायत में कई गांव सड़क और पानी की सुविधा के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने कहा दसानु से गलमन वाया कौली कोपर सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी के लिए दो बार उपराज्यपाल के पास में शिकायत दर्ज करा चुके हैं। लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है। पंचायत में सड़क संपर्क न होने के कारण विकास कार्य पूरी तरह से रुके हुए हैं। 7 में से 6 वार्डों में सड़क सुविधा न होने के कारण लोगों को पैदल सफर करना पड़ता है।
उन्होंने कहा इन समस्याओं को पहले भी बैक टू विलेज कार्यक्रमों में रख चुके हैं लेकिन समाधान किसी समस्या का नहीं हो रहा है। इसी दौरान कुछ पंचायत प्रतिनिधियों ने कंडी क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक के चलते खत्म हो रही किसानी को बचाने की मांग की। डीडीसी अध्यक्ष ने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से विचार-विमर्श किया जाएगा। इस इलाके में सड़क संपर्क बेहतर हो इसके लिए प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के समक्ष भी बात रखी जाएगी। इस मौके पर उपाध्यक्ष रधुनंदन जसरोटिया भी मौजूद रहे।