कठुआ। भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज ऑफ एजुकेशन राजबाग में मंगलवार को सेमिनार का आयोजन हुआ। इस मौके पर डॉ. भीमराव आंबेडकर के सामाजिक व शैक्षिक दर्शन विषय पर प्रकाश डाला गया। राजकीय डिग्री कॉलेज मढ़ीन के उर्दू विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. यशपाल शर्मा मुख्य अतिथि रहे। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. बृजबाला कोहली की अध्यक्षता में सेमीनार हुआ। सेमिनार में कॉलेज के 11 विद्यार्थियों ने भाग लेकर डॉ. आंबेडकर के सामाजिक एवं शैक्षिक दर्शन पर अपने विचार रखा।
प्रतिभागियों ने कविताओं और भाषण कौशल से बाबा साहेब के जीवन को अनुसंधान का विषय बताया। वहीं, मुख्य अतिथि ने कहा कि डॉ. आंबेडकर विशाल भारतीय संविधान के निर्माण में अहम भूमिका अदा करने के साथ नए युग के निर्माता हैं। उन्होंने बीएड छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें डॉ. आंबेडकर के जीवन मूल्यों को अपनाते हुए आगे बढ़ना चाहिए। इस दौरान कॉलेज के प्रधानाचार्या डॉ. बृजबाला कोहली ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। सेमीनार के सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के अंत में नैक कोआर्डिनेटर प्रियंका शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में कॉलेज प्रशासक मंडल अध्यक्ष हरबंस सिंह एवं शिक्षक मौजूद रहे। संवाद