रामकोट। रामकोट में खेल स्टेडियम नहीं होने की वजह से स्थानीय युवाओं में निराशा है। इसके चलते युवाओं की खेलों के प्रति उदासीनता बढ़ती जा रही है।
राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल रामकोट के बाहरी तरफ स्थित चौगान के खेल मैदान में अक्सर स्थानीय युवाओं द्वारा निजी स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं करवाई जाती हैं, लेकिन यह मैदान सभी खेलों के लिए उचित नहीं है। इसलिए फुटबॉल, वॉलीबाल, हैंडबाल, कराटे, जूडो, बैडमिंटन, हॉकी, क्रिकेट, कबड्डी सहित सभी खेलों के लिए उचित व्यवस्था मुहैया कराने के लिए क्षेत्र में स्टेडियम का निर्माण जरूरी है।
युवा साहिल शर्मा, रंजीत शर्मा, संजीव शर्मा, पवन कुमार, अंचल सिंह, जनक सिंह, पवन सिंह आदि ने सरकार से मांग की है कि पिछले लंबे समय से इलाके में स्टेडियम बनने का इंतजार है। उन्होंने मांग की कि सरकार जल्द जगह का चयन कर स्टेडियम का निर्माण शुरू करवाए। राज्य, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों के लिए ज्यादा से ज्यादा युवा उबर कर निकले, इसके लिए जरूरी है कि तहसील स्तर पर रामकोट में स्टेडियम का निर्माण हो।
जिला विकास परिषद चेयरमैन कठुआ कर्नल महान सिंह ने कहा रामकोट में युवाओं की स्टेडियम बनाने की मांग जायज है। पूर्व में सरकार की ओर से इस मांग को लिखित में भी जाहिर किया गया था, लेकिन पर्याप्त फंड नहीं होने के कारण काम रुका पड़ा है। सरकार बनने पर फंड की उपलब्धता में कार्य को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।