बिलावर। कस्बे में रविवार को तीन दिन बाद पेयजल सप्लाई बहाल होने पर 5000 से अधिक आबादी ने राहत की सांस ली। 2 दिन पूर्व चराई डगवेल से बिलावर कस्बे के लिए लगाई गई बूस्टिंग लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके कारण रिजर्वायर में पानी नहीं पहुंच पा रहा था, जिसकी वजह से बिलकेश्वर महादेव मंदिर मोहल्ला से लेकर अप्पर बिलावर तक के इलाके में पेयजल सप्लाई प्रभावित रही। इस दौरान दो दिनों के लिए लोगों को पेयजल सप्लाई नहीं हो पाई। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शनिवार शाम को जल शक्ति विभाग ने क्षतिग्रस्त बूस्टिंग लाइन को ठीक कर दिया। इसके बाद देर रात को रिजर्वायर में पानी पहुंचाया गया और रविवार सुबह कस्बे में पेयजल सप्लाई को सुचारू कर दिया गया। इसके बाद लोगों को पेयजल की किल्लत से राहत मिली।