फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और बाढ़ नियंत्रण के छाए रहे मुद्दे

विज्ञापन
कठुआ जिला सचिवालय के सभागार में ब्लॉक दिवस की बैठक में शामिल अधिकारी और पंच-सरपंच। संवाद - फोटो : KATHUA
विज्ञापन
कठुआ। जिला सचिवालय में महीने का पहला ब्लॉक दिवस आयोजित किया गया। पदभार संभालने के बाद डीसी राहुल पांडेय का यह पहला ब्लॉक दिवस कठुआ में था। ऐसे में जनप्रतिनिधियों ने भी जोर शोर से अपने मुद्दे उठाए। इनमें बिजली, पानी, सड़क, बाढ़ प्रबंधन सहित राशन आदि के मामले भी छाए रहे। डीसी ने विभाग से विस्तृत जानकारी हासिल की। उन्होंने विभागों को निर्देश दिए कि अगले ब्लॉक दिवस में समाधान या फिर की गई कार्रवाई के साथ रिपोर्ट लेकर बैठक में आएं।
विज्ञापन

बैठक के दौरान विभिन्न पंचायतों से आए पंच सरपंचों के लिए नगरी डीडीसी, बरनोटी बीडीसी ने भी अपने क्षेत्र की समस्याओं को उजागर किया। डीडीसी सदस्य नगरी संदीप मजौत्रा ने बीडीओ नगरी के पास हीरानगर का अतिरिक्त प्रभार होने के चलते क्षेत्र का विकास प्रभावित होने, टीएसओ की उपलब्धता नहीं होने का मुद्दा उठाया। बीडीसी बरनोटी बृजेश्वर सिंह इंदू ने डीसी को बाढ़ से पहले उज्ज दरिया में किए जाने वाले इंतजामों के अभाव पर ध्यान केंद्रित करवाया। इसके अलावा जुथाना पुल के निर्माण की सुस्त रफ्तार और दबवाल में शराब की दुकान के विरोध में प्रशासन से जल्द उचित कार्रवाई किए जाने की मांग रखी गई। घाटी बड़ानाल मार्ग पर डेढ़ साल में ही पीएमजीएसवाई की सड़क खस्ताहाल होने का मुद्दा भी उठाया गया। उन्होंने मलामन, पंदराड़, सलाडा के पेयजल से संबंधित मुद्दे भी उठाए। गोविंदसर से सामाजिक कार्यकर्ता शशि शर्मा ने ट्यूबवेल के लिए स्पेशल बिजली लाइन बिछाए जाने, बाढ़ में बहे खंभों को स्थापित किए जाने के साथ-साथ प्राइमरी स्कूल की खस्ता हालत की समस्या डीसी को बताई। डीसी ने पंचायत प्रतिनिधियों और लोगों की समस्याएं सुनने के बाद मौके पर ही संबंधित विभागों से जानकारी लेते हुए कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। वहीं इस दौरान डीसी ने काम न करने वाले ठेकेदारों को सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए, ताकि इनपर कार्रवाई की जा सके।
ट्यूबवेल से बार-बार हो रही चोरी
मेहताबपुर के पंचायत प्रतिनिधि कैप्टन पवन कुमार शर्मा ने डीसी को अपने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया। बताया कि तीन ट्यूबवेल में से एक पिछले एक महीने से ठप है। कर्मचारी काम नहीं करते और ट्यूबवेल में चारी हो रही है। ऐसे में उन्हें स्थानांतरित कर नया स्टाफ लगाया जाना चाहिए। डीसी ने जलशक्ति विभाग के मैकेनिकल विंग से जवाब मांगा। साथ ही मौके पर ही अधिकारी से कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कहा कि विभाग इसके साथ-साथ पुलिस में की गई शिकायतों की प्रति भी सौंपे और हुई चोरियों की जानकारी भी डीसी कार्यालय को दे।
विज्ञापन

...................
पहले बनाई डीपीआर फिर बताया बाढ़ की जद में है इलाका
जखबड़ के स्थानीय सरपंच की ओर से सरकारी इमारत के लिए जमीन दिए जाने के बाद भी काम शुरू न होने का मामला ब्लॉक दिवस में उठाया गया। डीसी ने संबंधित विभागों से इस संबंध में विस्तार से जानकारी ली। सामने आया कि लोक निर्माण विभाग ने इमारत के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार की, लेकिन इसके बाद विभाग ने ही इसके बाढ़ क्षेत्र होने का पत्र लिखकर काम आगे बढ़ाने से मना कर दिया। डीसी ने इसे लापरवाही मानते हुए चेतावनी दी। उधर, उन्होंने लोक निर्माण विभाग, जेकेपीसीसी, पीएमजीएसवाई, बिजली विभाग सहित अन्य विभागों का निर्देश दिए कि कोई भी योजना बनाते समय अन्य विभागों से एनओसी लें।
............
गैर हाजिर विभागों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
डीसी ने ब्लॉक दिवस के दौरान जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाई जा रही समस्याओं के जवाब के लिए जब कुछ विभागों के अधिकारियों के बारे में पूछा तो अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचे थे। डीसी ने सीपीओ कठुआ को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि बैठक में प्रत्येक विभाग के अधिकारी मौजूद रहें। उन्होंने कठुआ मुख्यालय के ब्लॉक दिवस से नदारद रहे विभागों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें