कठुआ। दीपावली पर्व की व्यवस्थाओं की सोमवार को समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। डीसी कठुआ राहुल यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान जलशक्ति और बिजली विभाग को दीपावली पर्व के मद्देनजर चौबीसों घंटे बिजली और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए दमकल की गाड़ियां उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
जानकारी दी गई कि पटाखों की रिटेल बिक्री केवल टाउन हॉल में की जा सकती है जिसे प्रशासन की ओर से चिह्नित किया गया है । डीसी ने निर्देश दिए कि संबंधित विभाग शहर के बाजारों और अन्य व्यस्त स्थानों पर खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता और दरों, साफ-सफाई और अतिक्रमण पर नजर रखेंगे। डीसी ने संबंधित टीमों को मिलावटी और सिंथेटिक दूध उत्पादों पर नजर रखने का भी निर्देश दिया। उन्होंने मिलावटी मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों को तत्काल जब्त करने और ऐसे गलती करने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
लीगल मिट्रोलजी विभाग को विशेष रूप से त्योहारी सीजन के दौरान वजन और माप उपकरणों पर जांच रखने का निर्देश दिया गया। उन्होंने पुलिस और यातायात विभाग को यातायात के सुचारु प्रवाह और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी तंत्र स्थापित करने के निर्देश भी दिए। नगर परिषद कठुआ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और लखनपुर नगर कमेटी के कार्यकारी अधिकारी को निर्देष दिए गए कि बाजारों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए फल और अन्य विक्रेताओं के लिए व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ-साथ दीपावली से पूर्व और बाद में स्वच्छता अभियान चलाने को भी कहा गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।