हीरानगर। बारिश और आंधी के कारण बर्बाद हुई फसल के मुआवजे की मांग को लेकर शुक्रवार को मढीन में किसानों ने तहसील कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। किसानों ने कहा मुआवजे की उचित राशि जल्द दी जाए।
किसान नेता शिवदेव सिंह ने कहा कुछ दिन पहले बारिश और आंधी के कारण सभी इलाकों में धान की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई है। हालांकि विभाग सर्वे कर नुकसान का आंकलन कर रहा है। लेकिन सच्चाई यह है कि फसल पूरी तरह से बर्बाद हुई है और किसानों को 100 प्रतिशत नुकसान का मुआवजा मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा पहले ही किसान कर्ज में डूबा हुआ है, ऐसे में कुदरत ने भी उस पर कहर ढाया है। लेकिन सरकार अगर उन्हें उचित आर्थिक सहायता देती है तो उन्हें जरूर संभलने का मौका मिलेगा। अगर सरकार बड़ी-बड़ी कंपनियों के कर्ज माफ कर सकती है तो किसानों को उचित मुआवजा देने में दिक्कत ही क्या है। उन्होंने कहा किसान पूरी तरह से टूट चुके हैं, ऐसे में अगर सरकार ने उनकी अनदेखी की तो मजबूरन हमें सरकार के खिलाफ आंदोलन खड़ा करना पड़ेगा। प्रदर्शन में घनश्याम, धर्मपाल कुंडल, मखनी वर्मा, राकेश कुमार, प्रीतम चंद, सुनील कुमार आदि शामिल रहे।