गांव को जाने वाली सड़क का निर्माण पूरा किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते हटलीवासी। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। विस्तारीकरण के नाम पर अधर में लटकी हटली गांव को जाने वाली सड़क का निर्माण न होने पर गांव के लोगों ने कड़ा रोष जताया है। रविवार को गांव के दर्जनों लोगों जोरदार नारेबाजी करते हुए अपने गुस्से का इजहार किया और सड़क का निर्माण कार्य पूरा किए जाने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे नायब सरपंच दीक्षित शर्मा ने कहा कि वर्ष 2015 में सड़क के विस्तारीकरण का काम शुरू किया गया था। 43 करोड़ की लागत से होने वाले इस निर्माण की देखरेख जेकेपीसीसी की ओर से की जा रही थी। लेकिन सड़क का निर्माण पूरा होना तो दूर की बात है उनके गांव तक आने वाली पुरानी सड़क को भी उखाड़ दिया गया। सड़क का निर्माण न होने से हजारों की आबादी प्रतिदिन प्रभावित हो रही है। अपनी इस समस्या को लेकर वह लोग सांसद, मंत्री, डीसी, डीडीसी हर मंच पर जा चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। खस्ताहाल सड़क के चलते आए दिन इस पर होने वाली दुर्घटनाओं के कारण लोग घायल हो रहे हैं। इस ओर किसी का ध्यान नहीं है। सड़क सुविधा ना होने के कारण यहां रहने वाले लोगों का जीवन दूभर हो गया है। लिहाजा अब लोगों ने तय कर लिया है कि अगर सरकार के द्वारा उनकी समस्या के समाधान के लिए पहल नहीं की जाती है, तो पूरे इलाके के हजारों लोग इसके खिलाफ हाईवे पर उतरेंगे और इससे बिगड़ने वाली कानून व्यवस्था की स्थिति के लिए सरकार खुद जिम्मेदार होगी। सरकार की अनदेखी से लोग अब पूरी तरह से तंग आ चुके हैं। प्रदर्शन में संजीव शर्मा, बाबूराम, रोमी शर्मा, रवि कुमार, नीतू कुमार, सोनू शर्मा, काकू राम, नरेंद्र शर्मा आदि उपस्थित रहे।