हीरानगर। गिरधारी लाल डोगरा मेमोरियल (जीएलडीएम) डिग्री कॉलेज में सोमवार को मातृ दिवस मनाया गया। एनएसएस इकाई की ओर से करवाए कार्यक्रम प्रिंसिपल प्रो. सुरेश कुमार शर्मा विशेष तौर पर मौजूद रहे। जीवन में मां की भूमिका पर वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि मां के रूप कई हो सकते हैं, लेकिन ममता और दया हर मां में एक जैसी होती है।
पक्षी, जानवर, मनुष्य सबकी मां अपने बच्चों की रक्षा के लिए किसी भी बड़ी चुनौती का सामना करने की ताकत रखती है। मां का कर्ज कभी चुकाया नहीं जा सकता है। इस दौरान ‘मेरी मां, मेरी शान’ विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता करवाई गई, जिसमें एनएसएस इकाई के स्वयंसेवकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मां की शक्ति पर लघु फिल्म भी दिखाई गई। कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. राकेश शर्मा की देखरेख में किया गया था।