कठुआ। जिले के स्कूलों में नए सत्र से प्री-प्राइमरी कक्षाओं के लिए दोपहर के भोजन में पौष्टिक आहार शामिल किया गया है। जिले में प्रधानमंत्री पोषण योजना (मिड-डे मील) का लाभ ले रहे 46 हजार से अधिक विद्यार्थियों में अब 28 सौ नौनिहाल भी शामिल हो गए हैं। कैलेंडर के अनुसार इन्हें फोर्टिफाइड चावल से लेकर दलिया, खिचड़ी, फल, अंकुरित चने आदि परोसे जाएंगे। जिले के प्राइमरी, मिडिल और हाई स्कूलों में सरकार की ओर से प्री प्राइमरी विंग शुरू की गई हैं तो वहीं 46 किंडरगार्टन स्कूल भी तैयार किए गए हैं।
दरअसल, केंद्र सरकार ने अब मिड-डे मील योजना का नाम बदलकर प्रधानमंत्री पोषण योजना कर दिया है। पूर्व में इस योजना के तहत जहां पहली से आठवीं कक्षा तक के जिले में 46 हजार से अधिक बच्चे कवर होते थे। वहीं, सत्र 2022-23 से 28 सौ नए नाम शामिल हो गए हैं। प्री-प्राइमरी के जुड़ने के बाद इन बच्चों को इन्हीं स्कूलों में आगे की शिक्षा के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही उनकी सेहत का भी ध्यान रखा जा रहा है। सरकार ने निजी स्कूलों का मुकाबले करने के लिए सरकारी स्कूलों में नर्सरी और किंडरगार्टन कक्षा को शुरू किया गया है।
अब तक जहां पहली से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को स्कूलों में मिड-डे मील योजना का लाभ दिया जा रहा था। वहीं, प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत अब प्री प्राइमरी और किंडरगार्टन के बच्चे भी इसमें शामिल कर लिए गए हैं। बाकायदा फंड भी जारी हो चुका है और इस संबंध में जोनल शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं।
प्रकाश लाल थापा, मुख्य शिक्षा अधिकारी, कठुआ