डाली पलाही पुल पर हादसे को न्योता देता बीचोबीच बना गड्ढा, जिसे पत्थरों से भरा गया है, संवाद।
- फोटो : KATHUA
बसोहली। माशका, सलोआ, कछीड, द्रमण, सलान जैसे दर्जनों इलाकों को आपस में जोड़ने वाला डाली पलाही पुल बदहाल स्थिति में है। पुल की सड़क पर बने गहरे गड्ढे किसी भी क्षण एक बड़े हादसे को अंजाम दे सकते हैं।
इस पुल की शुरुआत में मध्य स्थान पर एक बड़ा गड्ढा हो गया है, जिसे पत्थरों से भरा गया है। हालांकि, यह गड्ढा पूरी तरह असुरक्षित है। इसमें कोई भी वाहन हादसे का शिकार हो सकता है। इस पुल के दोनों ओर दो बड़े नाले हैं, जिनकी गहराई करीब 25 फुट है। अगर इस गड्ढे की वजह से कोई वाहन दुर्घटनाग्रस्त होता है, तो 25 फीट नीचे नाले में गिरेगा, और जान-माल का भारी नुकसान होगा।
कछीड इलाके के वार्ड 5 के जीत कुमार, स्थानीय दुकानदार कमल सिंह, नंद लाल, मक्खन महाजन, आदि ने बताया कि पहाड़ी इलाकों का आपस में जुड़ाव उस पुल पर ही निर्भर है। अगर यही पुल बदहाल होगा तो लोगों की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से पुल पर पड़े गड्ढे को भरकर मार्ग दुरुस्त करने की मांग की है। वहीं, अन्य सड़क के हिस्सों पर भी तारकोल बिछाने की मांग की है।