कठुआ। जिले में शनिवार से ठप डेंगू की जांच तीन दिन बाद एक बार फिर शुरू हो गई। सोमवार को जांच के लिए लगाए गए सैंपलों की रिपोर्ट आने पर 22 लोगों को पॉजीटिव पाया गया है। इसके साथ ही जिले में इस बार डेंगू के अबतक सामने आए कुल मामले बढ़कर 238 हो गए हैं। मंगलवार की रिपोर्ट में सामने आए डेंगू के 22 मामलों में से कुछ वार्ड छह, सात, गोविंदसर, हटली मोड़, बुद्धि, जंगलोट, कालीबड़ी सहित अन्य इलाकों से हैं।
उधर, जिले में लंबे समय बाद मंगलवार को कोरोना संक्रमण के पांच नए मामले आए हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना के सक्रिय संक्रमितों का आंकड़ा 9 हो गया है। जिले में अबतक 152 लोगों की मौत कोरोना की पहली और दूसरी लहर में हो चुकी हैं। इन दोनों लहरों में 9336 लोग संक्रमित हुए। डेंगू मामलों में बढ़त जारी रहने और कोरोना प्रसार बढ़ने पर स्थिति और खराब हो सकती है। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें, तो प्रशासन को अभी से एहतियाती कदम उठाने पड़ेंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने कोविड टीकाकरण भी तेज कर दिया है। मंगलवार को 7705 लोगों को टीकाकरण की पहली और दूसरी डोज दी गई है। अबतक सात लाख 67 हजार लोगों को कोरोना से बचाव का टीका जिले में लगाया जा चुका है।