लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता एडीसी तिलक राज थापा ने की। इसमें उपजिला स्तर के सभी अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान समारोह की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों को आयोजन हेतु जिम्मेदारियां सौंपी गई।
एडीसी तिलक राज थापा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह मॉडल हाई सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। समारोह में रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ-साथ सरकार द्वारा चलाई जा रही स्कीमों के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
एडीसी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल पर स्टेज बनाने तथा बैठने की व्यवस्था करने की रजिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी। म्यूनिसिपल कमेटी के ईओ को साफ-सफाई करने की जिम्मेदारी सौंपी तथा बीएमओ को निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर डॉक्टरों की टीम, दवाइयों, एंबुलेंस आदि की व्यवस्था हो।
विद्युत विभाग के एईई को समारोह स्थल पर निर्बाध बिजली आपूर्ति कराने के निर्देश दिए। वहीं, जलशक्ति विभाग के एईई को समारोह स्थल पर पेयजल व्यवस्था करने के निर्देश दिए। एडीसी ने सूचना विभाग को समारोह स्थल पर साउंड सिस्टम की व्यवस्था करने के लिए कहा। उन्होंने पुलिस विभाग को समारोह स्थल की सुरक्षा व्यवस्था तथा पार्किंग की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी सौंपी।
कोरोना काल में सराहनीय कार्य करने वालों की सूची बनाकर सौंपें
एडीसी ने कहा कि सरकार के दिशा निर्देशानुसार सभी पंचायतों में ध्वजारोहण होगा, जिसकी सारी तैयारियां ग्रामीण विकास विभाग को करनी होगी। एडीसी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह उन कर्मचारियों की सूची बनाकर सौंपें, जिन्होंने कोरोना काल में सराहनीय सेवाएं दी हैं, ताकि उन्हें समारोह वाले दिन सम्मानित किया जा सके। एडीसी ने मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य तथा जेडईओ को निर्देश दिए कि 10वीं व 12वीं के इम्तिहान में टॉपर छात्रों की सूची उन्हें उपलब्ध करवाएं, ताकि उन्हें सम्मानित किया जा सके। एडीसी ने बताया कि एसडीएओ स्वतंत्रता दिवस समारोह के नोडल ऑफिसर होंगे तथा तहसीलदार समारोह की सारी व्यवस्था देखेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी व कर्मचारी स्वतंत्रता दिवस के दिन समारोह स्थल पर उपस्थित रहेंगे।