कठुआ। शहर में लगातार हो रही चोरियों के बाद चेन स्नैचिंग के मामलों में भी इजाफा हुआ है। पिछले एक महीने में तीन स्नैचिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हर बार स्नैचर महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला शहर के वार्ड तीन का है, जहां सब्जी खरीद रही एक महिला को निशाना बनाते हुए स्नैचर ने कान की बाली उड़ा ली।
चंपा सलाथिया ने बताया कि वह घर के बाहर आटो वाले से सब्जी खरीद रही थीं। स्कूटी पर सवार एक युवक काफी देर तक गली में ही रुका रहा। जैसे ही उसने आटो वाले को पैसे देने के लिए पर्स से पैसे निकाले स्कूटी सवार ने उसके पास आकर कान पर झपटा मारते हुए कान की बाली छीन ली और स्कूटी तेजी से भगा ले गया। पुलिस को इस बारे में सूचना दी गई हे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि इससे पूर्व नाग नगर में और उससे पूर्व लोक निर्माण विभाग कालोनी में भी इसी प्रकार की वारदात सामने आ चुकी है। सभी में भुक्तभागी महिलाओं ने स्कूटी सवार युवक की बात की है। एक महीने में यह तीसरा स्नैचिंग का मामला है।