रामकोट। तहसील रामकोट की पंचायत लाखड़ी के वार्ड छह गनेडी से पादामोहला जाने वाली सड़क जर्जर हालत में है। लोगों ने सड़क पर तारकोल बिछाने की मांग की है। जिससे आवागमन में आसानी हो।
वार्ड छह के पंकज शर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से तीन वर्ष पहले सड़क का निर्माण किया गया था, जिसके बाद सड़क पर तारकोल बिछाने के लिए अभी तक विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने बताया कि पादा मोहल्ला वार्ड छह को तीन सड़कें जोड़ती हैं, लेकिन विभाग ने अभी तक किसी भी सड़क पर तारकोल नहीं बिछाई है।
जिससे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के रहने वाले प्रदीप कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर के जरिए घर पर निर्माण सामग्री पहुंचाने के लिए भी कई तरह की परेशानी होती है। उनका कहना है कि सड़क होने के बावजूद भी घर तक समान खच्चरों के जरिए पहुंचाया जाता है। सरकार के वादे खोखले दिखाई दे रहे हैं। पंडित सतपाल शर्मा ने बताया कि वार्ड नंबर छह से केवल एक किमी दूर सड़क है। जिस पर तारकोल बिछाने के लिए कई बार विभाग से मांग कर चुके हैं, लेकिन विभाग ने अभी तक कोई भी सकारात्मक कदम नहीं उठाया है।