हीरानगर। हरिया चक और मढ़ीन में शराब की दुकानें खोलने की कोशिश की गई तो कड़ा विरोध होगा। इसकी चेतावनी चक देसा चौधरियां के सरपंच राकेश चौधरी ने दी है।
सोमवार को पंचायत में बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र के आसपास कोई भी शराब की दुकान नहीं खुलने देंगे। शराब माफिया जबरन दुकानें खोलने के प्रयास कर रहा है। हरिया चक और मढ़ीन में दुकानें खोलने की तैयारी चल रही है। जो हम नहीं खुलने देंगे। उन्होंने कहा हम युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। कुछ साल पहले सांजी मोड़ में भी शराब की दुकान खोलने का हमने विरोध किया था। हम पर मामला भी दर्ज हुआ और लाठियां भी बरसीं। लेकिन हम पीछे नहीं हटे और दुकान नहीं खुलने दी।
इस बार भी हम शराब की दुकानों का पुरजोर विरोध करेंगे। इसके लिए जान भी देनी पड़ी तो पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि क्षेत्र को शराब के नशे से बचाने के लिए एकजुट हो जाएं। शराब माफिया चाहे जितनी ताकत लगा लें, हम पीछे नहीं हटेंगे और दुकानें नहीं खुलने देंगे। बैठक में पंचायत के साथ लगते गांव के लोग भी मौजूद रहे। लोगों ने भी कहा कि वह शराब की दुकानें खोलने का पूरा विरोध करेंगे। बैठक में सतीश शर्मा, नरेश शर्मा, संजू चौधरी, प्रवीण चौधरी, रत्न चंद आदि रहे।