बिगवां गांव में आयोजित स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को डस्टबिन देते मुख्य अत?
- फोटो : KATHUA
कठुआ। नेहरू युवा केंद्र कठुआ के बिगवां यूथ क्लब ने गांव में जारी स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें ग्रामीणों को स्वच्छता का महत्व बताने के साथ उसे अपनाने की अपील की गई। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता देवराज सोनी मुख्य अतिथि, जबकि नगरी बीडीसी अध्यक्ष खजान चंद विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।
ग्रीन विलेज क्लीन विलेज के तहत यूथ क्लब के स्वयंसेवक शशि कुमार की अध्यक्षता में जन संपर्क एवं स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। गांव में निकाली गई जागरूकता रैली में शामिल स्वयंसेवक और ग्रामीणों ने मुख्य अतिथि के साथ पूरे गांव का भ्रमण करते हुए लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने के बारे में जागरूक किया। रैली के समापन पर गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने और उसके निस्तारण के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक चलने वाले स्वच्छता पखवाड़े में ग्रामीणों के सहयोग से गांव में घूम-घूम कर लोगों को स्वच्छता का महत्व बताया जाएगा।
इस मौके पर मुख्य अतिथि देवराज सोनी ने क्लब की ओर से गांव को स्वच्छ बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अगर गांव में रहने वाले लोग स्वच्छता का महत्व समझ जाएं, तो कोई बाधा गांव को स्वच्छ बनने से रोक नहीं सकती। उन्होंने ग्रामीणों से क्लब के युवा स्वयंसेवकों को पूरा सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में गांव के 60 परिवारों को कूड़ेदान वितरित किए गए।