निकाली गई साइकिल रैली में शामिल लोग। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य पर दूसरे दिन भी गतिविधियां जारी रही। शनिवार को जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग ने नेहरू युवा केंद्र के सहयोग से साइकिल रैली का आयोजन किया।
शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू होने वाली साइकिल रैली को डीसी राहुल पांडेय ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान रैली में शामिल 94 प्रतिभागियों ने स्पोर्ट्स स्टेडियम से कीड़ियां गंडयाल और वापसी में इस मार्ग से स्पोर्ट्स स्टेडियम तक करीब 20 किलोमीटर का सफर करते हुए लोगों को साइकिल चलाने से होने वाले लाभ के प्रति जागरूक किया।
इस मौके पर डीसी ने युवा सेवा एवं खेल निदेशालय के निर्देश पर आयोजित होने वाली साइकिल रैली की सराहना करते हुए कहा कि साइकिल परिवहन का सस्ता-सुलभ और पर्यावरण हितैषी साधन है। इसके उपयोग से साइकिल चालक को न केवल बेहतर स्वास्थ्य मिलता है। बल्कि इससे सड़कों पर अनावश्यक रूप से लगने वाले जाम से हमें मुक्ति मिलती है। उन्होंने आम लोगों को अपने छोटे कामों के लिए साइकिल का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के जिला अधिकारी सुनील कुमार के अलावा नेहरू युवा केंद्र के उपनिदेशक सोमदत्त जार्ड ने भी आम लोगों से साइकिल का उपयोग करने की अपील की।