बिलावर। लंबित मांगों को मनवाने के लिए मंगलवार को जल शक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों की बैठक नेताजी पार्क फिंतर में हुई। इसकी अध्यक्षता जल शक्ति विभाग के अस्थायी कर्मियों के प्रधान बीरबल जल मेरीया ने की।
बैठक में मौजूद कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी दी कि 28 और 29 मई को शुरू होने वाली हड़ताल के बाद अगर सरकार ने 64 घंटों के भीतर उन्हें स्थायी करने के निर्देश जारी नहीं किए तो अस्थायी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। अस्थायी कर्मचारियों ने सरकार से मांग की कि 70 माह के बकाया वेतन का भुगतान उन्हें जल्द से जल्द किया जाए। जिन अस्थायी कर्मियों की मृत्यु नौकरी के दौरान हुई है उनके परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। दिल्ली यूटी की तर्ज पर प्रतिदिन रुपये 618 मानदेय दिया जाए। उन्होंने यह भी मांग की के अस्थायी कर्मियों की सेवानिवृत्ति पर उन्हें 1000000 रुपये जारी कि जाएं।
बैठक में मौजूद अस्थायी कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों को कोसते हुए कहा कि इस महंगाई के दौर में गुजारा करना मुश्किल हो गया है। इसलिए वह मांगों को लेकर काम छोड़ हड़ताल करने को मजबूर हुए हैं। अस्थायी कर्मचारियों ने अपने अधिकार के लिए कई नारे भी लगाए। इस अवसर पर पूर्ण चंद, मुश्ताक अहमद, कमलेश, अल्ताफ हुसैन, चरणजीत सिंह, ललित सिंह, उपेंद्र शर्मा, विक्कू, सुभाष मौजूद रहे।