बेलीचराना में तवी नदी किनारे 10 माह बाद भी डंपिंग साइट नहीं हट पाई। जम्मू शहर के वार्डों से उठाया गया कचरा यहां डंप करने से यहां गंदगी बढ़ती जा रही है। यहां ज्यादा मात्रा में पॉलीथिन बिखरा पड़ा है। लावारिस पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। गले-सडे़ कचरे से उठने वाली दुर्गंध से आसपास के लोग परेशान हैं। जम्मू शहर से रोजाना 400 मीट्रिक टन कचरा निकलता है।
तवी नदी किनारे कचरा बीते साल अक्तूबर, 2020 से फेंका जा रहा है। अस्थायी तौर पर यहां पर डंपिंग साइट बनाई गई थी। कहा गया था कि यहां एक माह तक कचरा फेंका जाएगा। इसके बाद साइट शिफ्ट हो जाएगी, लेकिन अभी तक यहां से डंपिंग साइट हट नहीं पाई है। हर रोज कचरा फेंका जा रहा है। यहां पर कचरे को दबाया भी जा रहा है। यहां कचरा फेंके जाने से दुर्गंध फैली रहती है। आसपास के लोग काफी परेशान है।
नगर निगम की ओर से तवी नदी को साफ सुथरा रखने के लिए कई अभियान चलाए जा रहे हैं। घरों से सीधा कचरा तवी में फेंकने पर सख्ती की गई है। मगर नगर निगम की अस्थयी डंपिंग साइट के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। कई बार इसे हटाने की मांग कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें- पतंग ने ली बच्चे की जान: कहां से आई पतंग की डोर कोई पता नहीं, इलाज के दौरान मौत
बेलीचराना में तवी नदी के किनारे कचरा फेंकने के लिए अस्थायी डंपिंग साइट बनाई गई है। बंधुरख में यूनिट बनाई जा रही है। जल्द ही यहां से डंपिंग साइट को हटाया जाएगा।
- नरेंद्र जमवाल, हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी
डपिंग साइट को हटाया जाएगा। कोट भलवाल में कचरा संयंत्र केंद्र तैयार किया जा रहा है। तवी किनारे कुछ वार्डों का ही कचरा फेंका जा रहा है।
- हरेंद्र सिंह, सीटीओ, नगर निगम
बेलीचराना के पास तवी में फेंका गया कचरा परेशानी बनता जा रहा है, इससे नदी का पानी भी दूषित हो रहा है। जल्द गंदगी नहीं हटाई गई तो प्रदर्शन करेंगे।
- रवि कुमार, तवी वेलफेयर कमेटी