कई नेताओं ने आगामी चुनाव के लिए आजाद का नेतृत्व मांगा
कांग्रेस पार्टी पदाधिकारी सम्मेलन में शुक्रवार को मंच से गुलाम नबी आजाद का समर्थन मांगा गया। कई नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि अगर जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूत बनाना है तो आजाद का नेतृत्व जरूरी है। ठाकुर बलवान सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में आजाद के नेतृत्व की जरूरत है।
उनका समर्थन मिलने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। गुलाम मोहम्मद सरूरी ने कहा कि आगामी चुनाव की जिम्मेदारी गुलाम नबी आजाद के हवाले करनी चाहिए। पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में पुराने दिन फिर लौटेंगे, लेकिन इसके लिए राहुल गांधी और गुलाम नबी आजाद के नेतृत्व की सख्त जरूरत है।
लंबे समय बाद कांग्रेस की उपस्थिति दिखी
जम्मू-कश्मीर में लंबे अरसे बाद शुक्रवार को जम्मू में हुए पार्टी पदाधिकारी सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस की बड़ी उपस्थिति दिखी। इसमें संभाग के दस जिलों से नेताओं और कार्यकर्ताओं को बुलाया गया था। आयोजन स्थल पूरी तरह से कार्यकर्ताओं से भरा हुआ था। पार्टी कार्यकर्ता राहुल को सुनने पहुंचे थे।
डोगरा पगड़ियों से सम्मान
मंच पर राहुल गांधी, प्रदेशाध्यक्ष जीए मीर सहित अन्य नेताओं को डोगरी पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। हालांकि इनमें अधिकांश नेताओं ने पगड़ी पहनने के बाद उसे उतारकर नीचे रख दिया।