प्रदेशभर में मानसून की गतिविधियों में कमी आई है। ऐसे में सूर्यदेव की तपिश से बीते करीब एक सप्ताह से दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पछुआ और शुष्क हवाओं के असर से लगातार गर्मी का असर बढ़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले सप्ताह दिन के तापमान में करीब चार से पांच डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है। रात के तापमान में भी करीब तीन डिग्री से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। कोटा, झालावाड़, श्रीगंगानगर में बाढ़ आने के बावजूद गर्मी का सितम लगातार जारी है। सबसे ज्यादा गर्मी श्रीगंगानगर में देखने को मिल रही है। श्रीगंगानगर और चूरू का पारा 40 डिग्री के करीब पहुंचने के कगार पर है। वहीं छह से अधिक जिलों में दिन का तापमान लगातार 36 डिग्री के पार दर्ज किया जा रहा है। इसके साथ ही गर्मी का सितम रात को भी जारी है। सभी जिलों में रात का तापमान 24 डिग्री के पार पहुंच चुका है।
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार से प्रदेश में नया तंत्र सक्रिय होने से मौसम में बदलाव हो सकता है। इस दौरान प्रदेश के 13 से अधिक जिलों में फिर से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है।
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में लगातार प्रेशर बनेगी। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में प्रवेश करने वाला है, जिसकी वजह से एक चक्रवातीय परिसंचरण राजस्थान पर बनेगा। इस कारण प्रदेश में 9 से 20 सितंबर के दौरान बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं मध्यम तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। कोटा, झालावाड़, बारां, भरतपुर, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर के पूरे हिस्से में बारिश होगी। जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा और पाली समेत आसपास के इलाकों में भी बारिश का दौर रहेगा। पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में भी मेघ मेहरबान रहेंगे।