अलवर की भिवाड़ी फेज—3 थाना पुलिस ने दो दिन पहले हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों द्वारा कंपनी से चोरी की गई अलमारी व लाखों रुपए भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि वारदात का मास्टरमाइंड रूपटेक्स मिनरल वाटर कंपनी का सुपरवाइजर ही निकला। सुपरवाइजर संदीप ने अपने दो साथी मोहित और दीपक को इस वारदात में शामिल किया। तीनों ने मिलकर 23 मई की रात कंपनी के ऑफिस में रखी अलमारी के ताले को तोड़ने का प्रयास किया। ताला नही टूटने पर तीनों अलमारी को ही उठाकर ले गए। तीनों की ये वारदात कंपनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी, लेकिन तीनों ने नकाब पहना हुआ था। फेज—3 एसएचओ नेमीचंद ने बताया की रूपटेक्स मिनरल वाटर कंपनी के प्रबधक भवानीसिंह ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो कुछ चेहरे दिखे। इनके आधार पर पुलिस ने सर्च आॅपरेशन शुरू किया और सुपरवाइजर से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने अलमारी में रखे 3 लाख 21 हजार रुपए भी बरामद कर लिए हैं।