बदमाशों ने शुक्रवार रात पुलिस की चेकिंग व्यवस्था को धता बताकर शहर से देहात तक लूटपाट मचाई। देहात में जहां पशु व्यापारी से बाइक सवारों ने तीन लाख रुपये लूट लिए, वहीं शहर में बेगमपुल पर तो पुलिस चौकी के पास ही बाइक सवार बदमाश चेन लूटकर फरार हो गये।
घटना-1
जानी थाना क्षेत्र के सिवालखास निवासी मोहम्मद जहीर पुत्र कदीर पशु व्यापारी हैं। शुक्रवार रात करीब दस बजे व्यापारी बाइक से दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे। जानी क्षेत्र में कांवड़ मार्ग पर पंचगाव के पास पहुंचे तो एक बाइक पर तीन बदमाशों ने उन्हें टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने तमंचे की बट से पिटाई कर व्यापारी से 3.14 लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने व्यापारी के मुंह में तमंचा तानकर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद लुटेरे फरार हो गये। लूट के आधा घंटे बाद जानी इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार मौके पर पहुंचे बदमाशों की घेराबंदी की। पीड़ित ने रात में जानी थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी है। इंस्पेक्टर का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
घटना-2
कंकरखेड़ा निवासी प्रीति पुत्री अशोक कुमार सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। शुक्रवार रात को प्रीति शास्त्रीनगर सेक्टर-3 में अपनी मामी अलका के यहां से अपने घर जा रही थी। वह बेगमपुल पुलिस चौकी के पास ई रिक्शा से उतरी। तभी पीछे से आये बाइक सवार दो लुटरे चेन झपटकर भाग निकले। पीड़िता ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। काफी देर बाद सदर बाजार थाने की फैंटम और थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। इंस्पेक्टर सदर बाजार का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
घटना-3
कोतवाली निवासी मोहम्मद जावेद अधिवक्ता है। श्ुाक्रवार रात को वह कचहरी से अपने घर जा रहे थे। इंदिरा चौक के पास बाइक सवार दो युवकों ने अधिवक्ता से मोबाइल झपट लिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गये। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एसओ कोतवाली विजय गुप्ता का कहना है कि अधिवक्ता ने बताया कि उनका दो युवकों ने मोबाइल झपट लिया।