आर्थिक कर्ज और प्रोपर्टी कारोबार में घाटे से अवसाद में आकर सामूहिक खुदकुशी करने वाले प्रोपर्टी कारोबारी का आखिरी चिराग भी आज बुझ गया। इससे पहले परिवार के मुखिया कारोबारी, उनकी पत्नी व दो बच्चों की मौत कल ही हो गई थी। आज दम तोड़ने वाला धर्मेंद्र जांगिड़ परिवार का पांचवां और सबसे छोटा सदस्य था।
मामला जयपुर के करधनी थाना इलाके में कालवाड़ रोड स्थित सर्वोदय एनक्लेव कॉलोनी का है। जहां मूल रुप से डीडवाना, नागौर निवासी डूंगरमल जांगिड़ पिछले कई वर्षों से यहां मकान बनाकर रह रहा था। बताया जा रहा है कि यह कॉलोनी भी डूंगरमल ने डवलप की थी।
पड़ोसियों के मुताबिक, बुधवार सुबह नजदीक एक कॉलोनी में रहने वाली डूंगरमल की बड़ी बहन भंवरी देवी कल सुबह 8 बजे किसी काम से डूंगरमल के घर आई थी। उन्होंने गेट खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला तो वे इसी कॉलोनी में रहने वाले डूंगरमल के भाई जगदीश के पास चली गई।
बहन व लेनदार घर पहुंचे तब पता चला
कमरे में रखा जहर का पाउच
- फोटो : Amar Ujala
इसके बाद सुबह करीब 9:30 बजे डूंगरमल से मिलने एक लेनदार रामबाबू पहुंचा। जब गेट खटखटाने पर उसे भी कोई जवाब नहीं मिला तो वह भी जगदीश के घर पहुंचा। जगदीश ने डूंगरमल को फोन किया, लेकिन किसी ने नहीं उठाया। इसके बाद डूंगरमल की बहन भंवरी देवी वापस उसके घर पहुंची। दरवाजा खटखटाने पर फिर भी कोई आवाज नहीं आई। तब स्थानीय पड़ौसी और भंवरी देवी पड़ोस के मकान की छत से डूंगरमल के मकान की छत पर पहुंचे।
तब वहां बने कमरे में दरवाजा खटखटाने पर धर्मेंद्र बाहर निकाला। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। जबकि 45 वर्षीय डूंगरमल, उनकी पत्नी सुमन (41) और बेटी खुशी (14) खुशी व बेटा जितेंद्र (21) फर्श पर पड़े थे। उन सभी को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। जहां चारों को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि सबसे छोटे पांचवें सदस्य धर्मेंद्र (16) की आज मौत हो गई।