पूर्वी अफ्रीका के तंजानिया में राजस्थान के एक युवक की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह युवक चार साल से वहां जॉब कर रहा था।
युवक मनीष माथुर मूल रुप से राजस्थान के जोधपुर जिले में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का रहने वाला था। वह पिछले करीब चार साल से तंजानियां में जॉब कर रहा था। इन दिनों वह एक निजी कंंपनी में मेडिकल रिप्रजन्टेटिव था।
आज वह बैग लेकर आॅफिस से कहीं जा रहा था। तभी अज्ञात बदमाश आए। जिन्होंने छीनाझपटी कर मनीष से उसका बैग लूटने की कोशिश की, लेकिन मनीष ने हौंसला दिखाते हुए बदमाशों से टक्कर ली। वह निहत्था ज्यादा देर हमलावरों के सामने टिक नहीं सका और बदमाशों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और उसका बैग लूटकर भाग निकले।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया। हत्या की खबर मिलते ही मनीष के जोधपुर स्थित पैतृक घर पर मौजूद परिजनों, रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। अब जल्द ही उसका शव जोधपुर लाया जाएगा।