राजधानी में देर रात एक धार्मिक स्थल पर असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ कर दी। आज अलसुबह घटना का पता चलने पर समुदाय के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
लेकिन एन वक्त पर काफी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। जिन्होंने समाज के प्रबुद्ध और सीएलजी सदस्यों की मदद से तनाव बढ़ने से रोक लिया और स्थानीय लोगों को शांत करवा दिया।
अब पुलिस मामले की तह में जुट गई है और आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस का मानना है कि किन्हीं असामाजिक तत्वों ने साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की नियत से धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ की है।
वहां पूजा करने पहुंचे तो धार्मिक स्थल की दीवारें और जालियां टूटी पड़ी थी
घटनास्थल पर मौजूद लोग
- फोटो : Vishnu Sharma
जानकारी के अनुसार यह घटना राजधानी जयपुर के ब्रहृमपुरी थाना इलाके की है। जहां जयसिंहपुरा खोर इलाके में बस स्टैंड के समीप जेडीए के रिहायशी आवास क्वार्टर बने है। यहीं से गुजर रही मेन रोड के पास किनारे पर एक धार्मिक स्थल बना है।
जो कि काफी पुराना बताया जा रहा है। आज सुबह स्थानीय समाज के लोग वहां पूजा करने पहुंचे तो धार्मिक स्थल की दीवारें और जालियां टूटी पड़ी थी। यह देखकर लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया।
इसी बीच, सूचना मिलने पर ब्रहृमपुरी थाना पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए। तब उन्होंने लोगों को वहां से समझा बुझाकर शांत करवाया। एहतियात के तौर पर वहां पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।