पुलिस की गिरफ्त में गज्जू की मां
- फोटो : amar ujala
अलवर की भिवाड़ी थाना पुलिस के लिए मोस्टवांटेड अपराधी गज्जू उर्फ गजराज सिरदर्द बना हुआ है। आए दिन वारदात करने पर जब पुलिस उसे पकड़ने के लिए उसके घर गई तो उसके माता—पिता ने पुलिस से धक्का—मुक्की कर उसे भगाने का प्रयास किया। ऐसे में पुलिस ने उसकी मां को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, बुधवार को भिवाड़ी पुलिस को सूचना मिली थी कि मोस्टवांटेड गज्जू उर्फ गजराज अपने घर मिलकपुर में मां—बाप से मिलने आया है। इस पर पुलिस ने टीम बनाकर उसके घर पर दबिश दी। पुलिस के आने की भनक लगते ही गज्जू की मां ने पुलिस से धक्का—मुक्की करके बेटे को फरार करवा दिया। इस पर पुलिस ने गज्जू की मां को अपराधी को पनाह देने और उसे भगाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गज्जू भिवाड़ी के भगतसिंह कॉलोनी स्थित एक मेडिकल स्टोर के सेल्समेन की हत्या के आरोप में मुख्य आरोपित है।
गज्जू पर लूट, डकैती, फिरोती, हत्या और पुलिस पर फायरिंग जैसे कई मामले दर्ज हैं। कई बार पुलिस को गज्जू के भिवाड़ी में होने की सूचना मिली, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसे पकड़ा नहीं जा सका। ऐसे में एक बार फिर वह अपने घर से ही भागने में कामयाब हो गया। गज्जू के नही पकड़े जाने से भिवाड़ी व आसपास के इलाकों के व्यापारियो में हमेशा डर का माहौल बना रहता है।