उस मां की गोद में नियति ने बच्चा तो दिया, लेकिन एक कमी रख दी। बस यही कमी मां को अखर गई। आठ साल तक पालने के बाद मां ने अपने मंदबुद्दि बेटे के साथ कुंए में छलांग लगा दी।
मामला झुंझनूं जिले का है। झुंझनूं के खेतडीनगर थाना इलाके के बिछरिया की ढ़ाणी में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक विवाहिता ने आठ साल के मंदबुद्धि बच्चे के साथ कुंए में छलांग लगा दी। इससे मां बेटे दोनों की मौत हो गई। इस संबंध में मृतक महिला के पीहर पक्ष के लोगों ने ससुरालवालों पर हत्या कर कुएं में डालने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
खेतड़ी नगर पुलिस के मुताबिक चारवास पंचायत की बिछरिया की ढाणी निवासी जयसिंह जाट के आठ साल का बेटा है। वह जन्म से ही मंदबुद्धि था। इसको लेकर उसकी पत्नी रामप्यारी परेशान रहती थी। मंगलवार को रामप्यारी बेटे प्रियांशु को लेकर गांव के कुएं में कूद गई। आवाज सुनकर लोग दौड़ कर आये और दोनों को निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
ससुराल पक्ष पर लगाया आरोपी
मृतका के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
सूचना पर डीएसपी विरेन्द्र मीणा व खेतड़ीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और खेतड़ी के राजकीय अजीत अस्पताल पहुंचाया। यहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। बाद में चिड़ावा के श्योपुरा गांव से मृतका रामप्यारी के परिजन भी पहुंच गए। उन्होंने ससुराल वालों पर रामप्यारी की हत्या कर कुएं में डालने का आरोप लगाया है। देर शाम तक परिजनों ने मामला दर्ज नहीं करवाया था। मामले की जांच डीएसपी वीरेंद्र मीणा कर रहे हैं। मृतका का पति फौज में है और फिलहाल छुट्टियों पर आया हुआ है ।