शहर के सरदारपुरा के जलजोग चौराहा के पास एक मोबाइल शॉप को चोरों ने निशाना बनाया है। चोर यहां से लाखों के मोबाइल फोन और अन्य एसेसरिज पर हाथ साफ कर गए।
जानकारी के अनुसार, चोरी की यह वारदात बीती देर रात जोधपुर में सरदारपुरा के जलजोग के निकट मेडिकल कॉलेज चौराहा रोड पर स्पेस मोबाइल शोरूम में हुई। आज सुबह जब यहां शोरूम कर्मचारी पहुंचे तो दुकान के ताले टूटे हुए थे। अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। इसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत दुकान मालिक वासुदेव आर्य को फोन पर चोरी की सूचना दी। इस पर वहां पहुंचे शोरूम मालिक ने पुलिस को जानकारी दी। शोरूम मालिक का कहना है कि चोर यहां से करीब पच्चीस लाख रुपए के मोबाइल चोरी कर ले गए।
उधर, मौके पर पहुंची पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगालने चाहे तो पता चला कि दुकान मालिक रोज रात को कैमरा बंद करने के बाद ही घर जाता है। इस पर पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलाया है। दुकान मालिक ने बताया कि उनके यहां बिजली जनरेटर के माध्यम से चलती है। ऐसे में जनरेटर बंद करने के साथ कैमरे भी अपने आप बंद हो जाते हैं। इस कारण चोरी की घटना कैमरों में कैद नहीं हो पाई।
गौरतलब है कि पिछले साल भी मिनर्वा सेंटर में एक शोरूम से चोर तीस लाख रुपए के मोबाइल चोरी कर ले गए थे, लेकिन पुलिस अभी तक इस चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है।