जोधपुर में अवैध शराब की धरपकड़ को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी टीम को एक और सफलता मिली है। टीम ने जोधपुर-नागौर बाइपास पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक में भरी 850 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त कर पंजाब निवासी बैशालसिंह, हरभजनसिंह और नेपाल निवासी हेमराज को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, यह शराब पंजाब से राजस्थान के रास्ते दमन दीव में सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी। जब्त की गई अवैध अंग्रेजी शराब की बाजार कीमत करीब 28 लाख रुपए है।
दरअसल, आबकारी निरोधक दल जोधपुर-नागौर नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान एक पंजाब नंबर के ट्रक की तलाशी के लिए रोका गया तो इसमें करीब 850 पेटी चंडीगढ़ निर्मित शराब मिली। चालक और ट्रक में सवार लोगों से पूछताछ की तो आरोपितों ने इस शराब का परमिट होने और दमन दीव में सप्लाई करने की बात कही।
इसके बाद परमिट की जांच की गई तो परमिट फर्जी पाया गया। इस पर ट्रक को शराब सहित जब्त कर तीनों आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों को कोर्ट में पेश कर रिमाण्ड पर लिया गया है। फिलहाल टीम पंजाब के डिसलेरी से भरी गई अवैध शराब और फर्जी परमिट के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। आबकारी टीम की जोधपुर जोन में अवैध शराब से भरा ट्रक पकड़ने की पिछले छह माह में यह 15वीं बड़ी कार्रवाई है।