भीलवाड़ा जिले में धुलखेड़ा के पास बीती देर रात को एक सड़क हादसे में कार सवार पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य सदस्य गंभीर घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक यह परिवार गुरुवार रात को अजमेर स्थित दरगाह शरीफ में जियारत कर महाराष्ट्र स्थित अपने गांव जलगांव लौट रहा था। तभी उनकी कार भीलवाड़ा में तेज रफ्तार एक ट्रेलर से टकरा गई। उन्हें महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती करवाया। हादसे में कार सवार जलगांव निवासी शेख मकसूद और उनके मासूम बेटे रेहान की मौत हो गई। वहीं कार सवार जमील की पत्नी मिर्जा मोहम्मद, फरजान पत्नी रजेवरा, सैयद आसमान पुत्र सैयद हनीफ, फरहान पुत्र शेख मोहम्मद व साहिल पुत्र मोहम्मद बेग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस हादसे के बाद हाईवे पर आंशिक वाहन जाम की स्थिति बन गई। तब मौके पर पहुंची मांढलगढ़ थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया। पुलिस के मुताबिक महाराष्ट्र के जलगांव जिले में चोपड़ा कॉलोनी निवासी इस परिवार के सात सदस्य अजमेर स्थित ख्वाजा साहब की दरगाह से जियारत कर कार से अजमेर आए थे।
यह परिवार गुरुवार रात को वापस जलगांव लौट रहा था। तब उनकी कार की ट्रेलर से भिड़ंत हो गई। माण्डल थाना पुलिस ने केस दर्ज कर शवों को मोर्चरी में रखवाया। उनके परिजनों को सूचना दी। तब रिश्तेदार शुक्रवार को भीलवाड़ा पहुंचे। इसके बाद शवों का पोस्टमार्टम करवाया।