भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने आज कार्रवाई करते हुए आबकारी निरोधक दल कुशलगढ़ के आबकारी इंस्पेक्टर रामेश्वर लाल को 35 सौ रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
एसीबी के महानिरीक्षक वीके सिंह ने बताया कि बांसवाड़ा जिले के गांव पाटन, तहसील कुशलगढ़ के रहने वाले परिवादी लक्ष्मण ने एसीबी में शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया कि उसके खिलाफ जून माह में आबकारी निरोधक दल, कुशलगढ़ की टीम ने आबकारी का मुकदमा दर्ज किया था।
इस प्रकरण का निस्तारण एवं चालान पेश करने तथा अवैध शराब बिक्री करने हेतु मासिक बंधी 2 हजार रुपए देने की एवज में आबकारी निरोधक दल कुशलगढ़ जिला बांसवाड़ा के आबकारी इंस्पेक्टर आरोपी रामेश्वर लाल ने परिवादी लक्ष्मण से 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। इसमें करीब 55 सौ रुपए आबकारी निरीक्षक रामेश्वरलाल को लक्ष्मण पहले ही दे चुका था।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो उपाधीक्षक, बांसवाड़ा गुलाबसिंह के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया। जिसमें परिवादी लक्ष्मण से आबकारी निरीक्षक रामेश्वरलाल ने 1 हजार रुपए की राशि ली। इसके बाद आज 35 सौ रुपए की रिश्वत लेते आबकारी इंस्पेक्टर रामेश्वरलाल को एसीबी टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।