पीलीभीत। रिश्तेदारी में आए बरेली के युवक को रास्ते में घेरकर दबंग ने पिटाई कर दी। बीच बचाव करने पर रिश्तेदार से भी हाथापाई की गई। जेब में रखे 40 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने तहरीर पुलिस को दी। मेडिकल रिपोर्ट के बाद मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
क्योलडिया (बरेली) के अटंगा चौरापुर गांव निवासी उवैस खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार को वह अपने रिश्तेदार फुरकान के घर मोहल्ला तकिया आया हुआ था। देर शाम फुरकान के साथ वह सड़क पर घूमने निकला। उसकी जेब में चालीस हजार रुपये रखे हुए थे। आरोप है कि मोहल्ला हाथीखाना निवासी रेहान ने अपने चार अज्ञात साथियों संग आकर उसको रोक लिया। इसके बाद हॉकी से मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव कराने पर फुरकान को भी पीटा। हंगामा सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। जिसके बाद आरोपी नकदी छीनकर भाग निकला। कोतवाल देशपाल सिंह ने बताया कि मामला पुलिस की प्रारंभिक जांच में संदिग्ध निकला है। मौके पर सिर्फ कहासुनी होने की बात सामने आ रही है। शिकायतकर्ता का मेडिकल कराया गया। इसमें चोटों को तीन दिन पुराना बताया गया है। जबकि पीड़ित चंद मिनट पहले हुई मारपीट में चोट आने की बात कह रहा है। नकदी लूटने का आरोप भी साबित नहीं हो सका है। एसआई चेतराम वर्मा को मामले की जांच दी गई है।